रायपुर(आधार स्तम्भ) : छत्तीसगढ़ में नवतपा शुरू होने से पहले ही सूरज आग उगलने लगा है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में गुरुवार को भीषण गर्मी और लू का असर देखने को मिला। रायपुर का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि माना में सबसे ज्यादा 45 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते दिनभर लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। हालात ऐसे रहे कि कूलर भी गर्म हवा फेंकते नजर आए। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए रायपुर में हीटवेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक राजधानी में आज अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
इसके साथ ही प्रदेश के कई जिलों में ग्रीष्म लहर चलने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने बिलासपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, बलौदा बाजार, रायपुर, धमतरी, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और राजनांदगांव जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं कोरबा, गरियाबंद, महासमुंद, बालोद और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों में यलो अलर्ट जारी करते हुए हीटवेव की संभावना जताई गई है। भीषण गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने एडवायजरी भी जारी की है। लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से धूप में बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ पीने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और शरीर को पूरी तरह ढंककर रखने की अपील की गई है। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में शुक्रवार को आसमान मुख्यतः साफ रहेगा और रात के समय भी गर्म हवाओं का असर बना रह सकता है। लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं और आने वाले दिनों में गर्मी और अधिक तीखी होने की आशंका जताई जा रही है।



