पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 4 के समीप एक पेड़ पर अज्ञात युवती का शव फांसी के फंदे से लटका मिला, क्षेत्र में दहशत और चर्चाओं का माहौल

Must Read

पेंड्रा, (आधार स्तम्भ) :  पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 4 के समीप एक पेड़ पर अज्ञात युवती का शव फांसी के फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय कुछ लोगों की नजर पेड़ पर लटके शव पर पड़ी, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। चूंकि घटना स्थल रेलवे स्टेशन परिसर के प्लेटफार्म नंबर 4 के पास स्थित है, इसलिए स्थानीय लोगों ने तुरंत जीआरपी (GRP) को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू की। जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल गौरेला सिटी थाना क्षेत्र में आता है, जिसके चलते मामले की जानकारी संबंधित थाना पुलिस को दी गई।

इसके बाद गौरेला सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। उसकी उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटनास्थल के आसपास साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को मृतका के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि उसकी पहचान कर मामले की सच्चाई सामने लाई जा सके।

Latest News

जिले के टोल प्लाजा में स्थानीय निवासियों की फ्री पासिंग व टोल प्लाजा के कर्मचारियों द्वारा किये जा रहे दुर्व्यवहार पर कार्यवाही के लिए...

कोरबा ज़िले में पड़ने वाले NH टोल प्लाजा में CG-12 पासिंग घरेलू वाहनो एव स्थानीय निवासियो के टोल फ़्री,...

More Articles Like This

- Advertisement -