AC चोरी:व्यापारी मिले,दबाव बढ़ा तो खरीदार अवैध कबाड़ी हत्थे चढ़े..!
कोरबा(आधार स्तम्भ) : जिले के विभिन्न इलाकों में अवैध नशा और नशेड़ियों के बल पर फलते-फूलते अवैध कबाड़ के कारोबार ने जोर पकड़ रखा है। इसकी जानकारी होने के बाद भी ऐसे अवैध कबाड़ियों और अवैध नशा के सौदागरों पर ढीली पड़ती पुलिस की फील्डिग ने निःसंदेह मनोबल बढ़ा रखा है। बढ़ते मनोबल के बीच जब अवैध कबाड़ियों की शह पर नशेड़ियों ने लगातार AC के उपकरणों की चोरी करना शुरू किया और व्यापारी हलकान हुए, इस पर ध्यान आकर्षण कराया गया तो भी कोई संज्ञान नहीं लिया गया। कुछ मामलों में एफआईआर दर्ज कराने के बाद जब छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले से मिलकर अपनी बात रखी और चोरों का शिकार करीब 20 व्यापारियों की सूची सौंपी तब कहीं जाकर इस पर संज्ञान लिया गया। तत्काल साइबर सेल को निर्देश दिए गए। आनन-फानन में कुछ लोगों की धर पकड़ की गई जो इस पूरी चोरी व खरीदी में लिप्त मिले। इस तरह की कार्रवाई से स्पष्ट है कि महकमा के लोगों को जानकारी सब रहती है।
छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ़ कॉमर्स के प्रदेश उपाध्यक्ष जगदीश सोनी,कोरबा जिला इकाई अध्यक्ष संतोष अग्रवाल, जिला मंत्री गजानंद अग्रवाल, कोषाध्यक्ष नीतिन गुप्ता ने इस विषय पर एएसपी लखन पटले से शुक्रवार को मुलाकात की और अगले दिन तक आरोपी गिरफ्त में थे। यही तत्परता पहले दिखाई जाती तो कबाड़ियों का मनोबल न बढ़ता और चोरियां न होती। व्यापारियों को हजारों की चपत न लगती। हालांकि,पुलिस/ साइबर सेल ने जिन आरोपियों को पकड़ा है, उनका नाम, विस्तृत जानकारी, बरामदगी और जप्ती की जानकारी अधिकृत तौर पर रविवार को दोपहर 1 बजे समाचार लिखे जाने तक मीडिया के लिए सार्वजनिक नहीं की जा सकी है। व्यापारियों में यह जानने की उत्सुकता है कि आखिर यह सब कौन कर – करा रहा है,पर वे भी आधे-अधूरे खुलासे से हतप्रभ हैं।
अपुष्ट तौर पर सूत्र बताते हैं कि
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक साहू, वसीम मेमन और रमेश साहू के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी देर रात दुकानों को निशाना बनाकर AC के कॉपर वायर निकालते थे और उन्हें ठिकाने लगाते थे। इनसे पूछताछ में सामने आया है कि चोरी किए गए कॉपर वायर का लिंक राताखार के एक चर्चित कबाड़ी से जुड़ रहा है। शुरुआती जानकारी में राजेश नाम के कबाड़ी का नाम सामने आया है, जिससे इन आरोपियों के तार जुड़े होने की बात कही जा रही है। हालांकि पुलिस इस एंगल पर अभी गहराई से जांच कर रही है।कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया कॉपर वायर भी बरामद कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने शहर के किन-किन इलाकों में वारदात को अंजाम दिया है और इसमें और कौन-कौन शामिल हो सकते हैं



