कोरबा (आधार स्तंभ) : आठवीं के अंग्रेजी विषय के पैकेट से निकला सामाजिक विज्ञान का पेपर। शिक्षा विभाग की लापरवाही का नतीजा। क्या फिर से तैयार किया जाएगा सामाजिक विज्ञान का प्रश्न पत्र?
विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आज आठवीं के बोर्ड परीक्षा में अंग्रेजी विषय के प्रश्न पत्र के पैकेट से सामाजिक विज्ञान का प्रश्न पत्र मिलने की खबर आ रही है। उक्त सामाजिक विज्ञान विषय का पेपर आगामी 30 मार्च को आयोजित किया जाना है। करतला विकासखंड के घिनारा व नवापारा (चैनपुर) के विद्यालयों से खबर मिली है कि आज आठवीं का अंग्रेजी विषय का परीक्षा आयोजित किया गया है किंतु प्रश्न पत्र का पैकेट खोलने पर उक्त दोनों विद्यालयों में अंग्रेजी के जगह सामाजिक विज्ञान का प्रश्न पत्र निकला है। आनन फानन में जैसे तैसे अंग्रेजी विषय के प्रश्न पत्र की व्यवस्था कर परीक्षा प्रारंभ कर दी गई। किन्तु सामाजिक विज्ञान के परीक्षा तिथि से पहले की प्रश्न पत्र के खुल जाने से अब उक्त विषय के पेपर लीक होने की संभावना बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार पांचवीं व आठवीं की बोर्ड परीक्षा के प्रश्न पत्रों के पैकेट जिले से तैयार किये गए हैं और विद्यालयों में पहुँचाने से पहले प्रश्न पत्रों को निकटतम थाने में रखा जाता है। शिक्षा विभाग कोरबा द्वारा परीक्षा कड़ाई से सम्पन्न कराने की पूरी व्यवस्था की गई है किंतु जिले में बैठे जिम्मेदार अधिकारियों जिनकी निगरानी में प्रश्न पत्रों के पैकेट तैयार किये गए हैं उनकी लापरवाही का नतीजा अब छात्रों को भुगतना पड़ सकता है।
अब देखना यह है कि शिक्षा विभाग इस पर क्या कदम उठाती है। क्या सामाजिक विज्ञान का प्रश्न पत्र फिर से तैयार किया जाएगा या उसी प्रश्न पत्र से परीक्षा सम्पन्न कराया जाएगा?



