रायपुर (आधार स्तंभ) : कक्षा बारहवीं की हिंदी विषय की 14 मार्च को हुई परीक्षा निरस्त कर दी गई है। अब इस विषय की परीक्षा आगामी 10 अप्रैल को पुनः आयोजित की जाएगी।
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आज आदेश जारी किया गया है जिसमें विगत 14 मार्च को कक्षा 12वीं की हिंदी विषय की परीक्षा सम्पन्न कराई गई थी। किन्तु सोशल मीडिया व न्यूज़ पेपर में उक्त विषय की सेट बी का पेपर लीक होने का दावा किया गया। उक्त दावों की जांच हेतु सायबर थाने में लिखित शिकायत व सिटी कोतवाली में एफ आई आर दर्ज की गई है। तत्संबंध में परीक्षा समिति की आज 23 मार्च को हुई बैठक में हिंदी विषय की 14 मार्च को हुई परीक्षा निरस्त करते हुए उक्त परीक्षा आगामी 10 अप्रैल को पुनः लेने हेतु निर्णय लिया गया है। अब 12वीं के बच्चों को हिंदी विषय की परीक्षा फिर से दिलानी पड़ेगी।



