दुर्ग (आधार स्तम्भ) : दुर्ग जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय बोरई में मोबाइल रखने पर शिक्षकों पर छात्रों से मारपीट करने का आरोप लगा है। परिजनों के आरोप के अनुसार, मोबाइल मिलने के बाद शिक्षकों ने मिलकर 8 से 9 छात्रों की जमकर पिटाई की। मारपीट में कुछ बच्चों को अंदरूनी चोटें आई है। आरोप यह भी है कि एक छात्र को शिक्षक ने प्राइवेट पार्ट में लात मारी, जिसके बाद उसे दर्द और सूजन की शिकायत हुई।
जिन छात्रों के साथ मारपीट की बात सामने आई है, वे कक्षा 10वीं से 12वीं तक के बताए जा रहे हैं। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मंगलवार को मामला दर्ज कर शिक्षक पीयूष कुमार और पीटी टीचर रविशंकर मंडलोई को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा उन्हें निलंबित कर दिया गया है। मामला पुलगांव थाना क्षेत्र का है। दरअसल, घटना 21 फरवरी की है। छात्रों के अनुसार, शनिवार सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे के बीच मोबाइल अपने पास रखने की बात को लेकर उसे पहले प्रिंसिपल ऑफिस में मोबाइल जमा कराने को कहा गया।
इसके बाद वाइस प्रिंसिपल के केबिन में बुलाकर लकड़ी के डंडे, हाथ-मुक्के और लात से मारपीट की गई। स्टूडेंट्स ने घर पर 22 फरवरी की रात करीब 10 बजे कॉल कर पूरी घटनाक्रम की जानकारी दी 24 फरवरी को पीड़ित छात्र और उनके परिजन पुलगांव थाने पहुंचे। उन्होंने शिक्षक पीयूष कुमार और पीटी टीचर रविशंकर मंडलोई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
पिता डोमन देशलहरा ने पुलिस को बताया कि बेटे ने कॉल पर कहा कि मोबाइल रखने की बात पर उसे और उसके साथियों को वाइस प्रिंसिपल के कमरे में बुलाकर बेरहमी से मारपीट की गई है। छात्रों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पीटी शिक्षक रविशंकर मंडलोई ने जूता पहनकर एक छात्र को प्राइवेट पार्ट में लात मारी।
इससे छात्र के प्राइवेट पार्ट और जांघ में सूजन-तेज दर्द की शिकायत है। सके अलावा, 10 अन्य छात्रों को पीटने का भी आरोप है। यह भी आरोप है कि 23 फरवरी को दोपहर 1:30 बजे जब छात्र के पिता स्कूल पहुंचे और प्रभारी प्रिंसिपल शंकर प्रसाद से पूछा, तो उन्होंने घटना की जानकारी होने से इनकार किया। परिजनों ने कहा कि बिना अनुमति मोबाइल रखने पर छात्रों को हाथ-मुक्कों, लात-घूंसों और डंडे से पीटना गलत है। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान शिक्षक ने गालियां दी।
पुलिस ने किया दोनों को गिरफ्तार
छात्रों से मारपीट की शिकायत परिजनों ने नगपुरा पुलिस चौकी में की थी। इनकी शिकायत के बाद पुलगांव थाने में पोस्ट ग्रजुएट टीचर पीयूष कुमार (41) और पीटी टीचर रविशंकर मंडलोई (54) को गिरफ्तार कर लिया है। परिजनों ने शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, दोनों शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसके आधार पर वैधानिक कार्रवाई का जा रही है



