सरेराह डीजल की लूट,बोलेरो सवारों ने आधी रात दिया अंजाम
कोरबा(आधार स्तम्भ) : कोरबा में डीजल की चोरी/लूट थमने का नाम नहीं ले रही है। इस तरह के वारदात को अंजाम देने वाले बड़े मालवाहनों को अपना निशाना बना रहे हैं। जिले के सीमांत क्षेत्रों से ऐसी खबरें सामने आती रही हैं किंतु अब शहर से लगे इलाके में भी इस तरह की वारदात को अंजाम दिया जा रहा है। ताजा घटनाक्रम में गोपालपुर मुख्य मार्ग में खड़े ट्रेलर से हथियार बंद लोगों के द्वारा लॉक तोड़कर डीजल की लूट को अंजाम दिया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक दर्री थाना अंतर्गत गोपालपुर (iocl) के पास मंगलवार-बुधवार (17-18 फरवरी) की मध्य रात करीब 1 बजे एक ट्रक/ट्रेलर में चालक और हेल्पर खाना खाकर आराम कर रहे थे। इसी दौरान एक सफेद रंग की काली पट्टी वाली स्कॉर्पियो वहां आकर रुकी। उक्त स्कार्पियो से करीब 5 लोग उतरे और ट्रक/ट्रेलर के डीजल टैंक को सब्बल से तोड़ने लगे। ट्रेलर के ड्राइवर ने हिम्मत दिखाकर उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों के पास धारदार हथियार होने के कारण वह कुछ नहीं कर सका। आरोपियों ने उसका मोबाइल भी छीन लिया और टँकी से लगभग 200 लीटर डीजल निकालकर फरार हो गए।
डरा हुआ ड्राइवर रात में थाने में शिकायत करने की हिम्मत नहीं जुटा सका, क्योंकि उसे अपनी जान का डर था। वह रोज इसी रास्ते से आना-जाना करता है। बताया जा रहा है कि घटना की जानकारी देने के बाद भी मालिक ने रिपोर्ट दर्ज कराने की बजाय काम पर ध्यान देने को कहा। बाद में ड्राइवर ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज में पूरी घटना को देखने की कोशिश की। गोपालपुर स्थित धर्मकांटा में लगे कैमरे में यह घटना कैद हो गई। एक संदिग्ध स्कॉर्पियो की गतिविधि दिखाई दी। ड्राइवर का कहना है कि यह वही गाड़ी है जिसमें आये लोग डीजल लूट कर भाग निकले।
अन्य ट्रक चालकों ने भी बताया कि उसी रात कई वाहनों से डीजल चोरी हुआ है। इस बात की भी आशंका जताई जा रही है कि अपराध में प्रयुक्त बोलेरो का नम्बर फर्जी हो सकता है। ड्राइवर ने घटना के बाद अपने मोबाइल से वीडियो भी बनाया, जिसमें टैंक का टूटा हुआ ढक्कन साफ दिखाई दे रहा है। फिलहाल इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है लेकिन इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।



