कोरबा (आधार स्तम्भ) : नगर निगम की जल प्रदाय व्यवस्था एक बार फिर प्रभावित हो गई। कोहड़िया क्षेत्र में एक स्थान पर मुख्य पाइप लाइन में लीकेज होने से ओवरहेड टैंकों तक पानी पहुंचना मुश्किल हो गया और कई क्षेत्रों में जलापूर्ति नहीं हो सकी। नगर निगम का तकनीकी अमला इस फॉल्ट को ठीक करने में लगा है।
इसके नतीजन पाइप लाइन से ओवरहेड टैंक तक पानी पहुंचने में समस्याएं हुई। ऐसे में स्वाभाविक रूप से न तो ओवरहेड टैंक पर्याप्त स्तर तक भरे जा सके और न ही वहां से आगे जलापूर्ति की जानी संभव हो सकी। बताया गया कि बड़े हिस्से में आज सुबह पानी प्रदाय नहीं हो सका। समस्या को देखते हुए नगर निगम की जल प्रदाय शाखा के तकनीकी अमले ने समस्याग्रस्त स्थान पर आवश्यक सुधार कार्य शुरू किया है। अधिकारियों के निर्देशन में यह काम चल रहा है। कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह ने बताया कि हरसंभव कोशिश की जा रही है कि फॉल्ट को ठीक किया जाए और शाम तक संबंधित क्षेत्रों में पानी आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

