आजाद हिंद एक्सप्रेस के जनरल कोच में आग, यात्रियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

Must Read

बिलासपुर(आधार स्तंभ) : रायगढ़ रेलवे स्टेशन से पहले पुणे–हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस (12129) के एक जनरल कोच में बुधवार रात अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना भूपदेवपुर–किरोड़ीमल नगर रेल सेक्शन में उस समय हुई, जब ट्रेन अपनी सामान्य रफ्तार से आगे बढ़ रही थी। इंजन से तीसरे जनरल कोच से घना धुआं निकलते देख यात्रियों में दहशत फैल गई, जिसके बाद सतर्क यात्रियों ने तत्काल चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक दिया।

घटना के समय ट्रेन में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। धुआं फैलते ही यात्रियों ने एक-दूसरे को सतर्क किया और बिना घबराए कोच से बाहर निकलने लगे। यात्रियों की समझदारी और समय पर ट्रेन रुकने के कारण किसी भी प्रकार की जनहानि या चोट की सूचना नहीं मिली, जिससे सभी ने राहत की सांस ली।

घटना की जानकारी सबसे पहले ट्रेन में तैनात टीटीई चंचल कुमार ने दी। उन्होंने कंट्रोल रूम को सूचित किया कि इंजन से तीसरे जनरल कोच में तेज धुआं उठ रहा है और आग लगने की आशंका है। सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और सुरक्षा कर्मी अलर्ट हो गए। यात्रियों द्वारा एसीपी किए जाने के बाद ट्रेन को शाम 7 बजकर 41 मिनट पर पोल संख्या 599/21 के पास नियंत्रित कर रोक दिया गया।

आग की सूचना मिलते ही ट्रेन में मौजूद एसी मैकेनिक, गार्ड और लोको पायलट ने तत्परता दिखाते हुए अग्निशामक यंत्रों की मदद से आग पर काबू पा लिया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार आग सीमित दायरे में ही थी और समय रहते नियंत्रण कर लिया गया, जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि कोच के भीतर रखे कुछ कागजों में आग लगी थी। जांच के दौरान किसी भी प्रकार का विद्युत शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी नहीं पाई गई।

रेलवे अधिकारियों ने आशंका जताई है कि संभवतः किसी यात्री द्वारा बीड़ी या सिगरेट जलता हुआ फेंक दिए जाने से कागजों में आग लगी होगी, जिससे धीरे-धीरे धुआं फैल गया। इस संबंध में यात्रियों से पूछताछ भी की गई, लेकिन कार्रवाई के डर से कोई सामने नहीं आया। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में धूम्रपान न करें और किसी भी तरह की लापरवाही से बचें, क्योंकि इससे गंभीर हादसे हो सकते हैं।

घटनास्थल पर स्थिति सामान्य होने के बाद ट्रेन को रात 8 बजकर 23 मिनट पर रवाना किया गया। रायगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचने पर वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर (एसएसई) और विद्युत स्टाफ द्वारा संबंधित कोच की संयुक्त जांच की गई। जांच में किसी भी तरह की खतरे की स्थिति नहीं पाई गई। सभी सुरक्षा मानकों की पुष्टि के बाद ट्रेन को रात 9 बजे अपने गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया।

रेलवे प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए निगरानी व सख्ती बढ़ाने की बात कही है। उल्लेखनीय है कि पुणे–हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस देश की प्रमुख ट्रेनों में शामिल है, जिसमें प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं। इस घटना में किसी के हताहत न होने से यात्रियों और रेलवे प्रशासन दोनों ने राहत महसूस की है।

Latest News

अकलतरा ओवरब्रिज के नीचे बड़ा हादसा, पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरा, बाल बाल बचा परिवार

अकलतरा(आधार स्तंभ) :  अकलतरा में रविवार शाम एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब पामगढ़ से शादी समारोह...

More Articles Like This

- Advertisement -