तिलकेजा (आधार स्तंभ) : भारत पेट्रोलियम के पम्प मालिक द्वारा किया गया मनमाने तरीके से निर्माण। तालाब में जलभराव का रास्ता किया बंद, मुहल्ले वालों को निस्तारी की समस्या। कलेक्टर जनदर्शन में हुई शिकायत।
ग्राम पंचायत तिलकेजा के मोहल्ला कलमीभांठा में एक मात्र सार्वजनिक तालाब बावा डबरी स्थित है। इस तालाब से पूरे मोहल्ले जिसकी आबादी लगभग 850 है की निस्तारी होती है। तालाब का कई बार मोहल्ले वाले मिलकर तथा कई शासकीय योजनाओं से गहरीकरण किया गया है, जिससे इसकी जलधारण क्षमता बढ़ गई है। अब इस तालाब में गर्मी में भी पानी रुकता है। मोहल्ले वाले मिलकर इस तालाब का रखरखाव व जल भराव की व्यवस्था करते है।
तिलकेजा के कलमीभांठा मोहल्ले में मेन रोड पर आशीष सुल्तानिया व गोपाल मोदी पिता स्व कैलाश चंद्र मोदी द्वारा भारत पेट्रोलियम का पेट्रोल पम्प का निर्माण कराया जा रहा है। सड़क के किनारे से तालाब तक बरसात का पानी प्राकृतिक रूप से जाता था। पानी पंचायत के माध्यम से वर्ष 1996-97 में कुछ दूर तक नाली का निर्माण भी कराया गया था। जिसे पेट्रोल पम्प के मालिक ने मिट्टी डालकर पाट दिया है। मोहल्ले वालों ने पेट्रोल पम्प मालिक से अप्रैल 2025 में मिट्टी को हटवाने का आग्रह किया था, उस समय उन्होने भरोसा दिया था कि मैं तालाब तक पानी जाने में कोई रुकावट पैदा नहीं करूंगा, लेकिन उन्होने मिट्टी नहीं हटवाया। दिनांक 22.07.2025 को पेट्रोल पम्प मालिक के साथ मोहल्लेवासी एवं वार्ड पंचों के साथ बैठक कर उनसे पुनः सभी ने आग्रह किया कि तालाब तक पानी जाने दीजिये। लेकिन उन्होने साफ-साफ मना कर दिया। अब उनके द्वारा मोहल्ले वालों को धमकाया जा रहा है कि हमारे काम में पंचायत किसी प्रकार का रोक टोक न करे। इस वर्ष अवरोध के कारण तालाब में जल भराव बहुत ही कम हुआ है ऐसी स्थिति में पूरे वर्ष भर मोहल्ले वालों की निस्तारी एक बड़ी समस्या होगी साथ ही भूमिगत जल का स्तर नीचे चला जायेगा जिसके कारण पेयजल की भी समस्या होगी। उक्त समस्या को लेकर ग्राम पंचायत तिलकेजा के सरपंच, पंचगण और मोहल्ले के लोगों द्वारा कोरबा कलेक्टर को पत्र लिखकर समाधान करने का आग्रह किया गया है।



