कोरबा(आधार स्तंभ) : जिले में बंजारी गांव के पास नेशनल हाईवे-130 पर हाथियों का झुंड सड़क पार करता नजर आया। हाथियों का झुंड में 46 हाथी एक साथ नजर आ रहे है, इनमें बेबी ऐलीफेंट भी शामिल है। मामला कटघोरा वन मंडल क्षेत्र का है।
वर्तमान में कटघोरा वन मंडल में हाथियों की मौजूदगी है।

ऐप से निगरानी कर रहा वन विभाग
कटघोरा डीएफओ निशांत झा ने बताया कि एतमानगर और आसपास के क्षेत्रों में यह झुंड पिछले कई दिनों से घूम रहा है। इन पर निगरानी रखने के लिए विशेष ऐप का सहारा लिया जा रहा है।
85 गांवों में लगा सायरन सिस्टम
ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 85 गांवों में सजग सायरन सिस्टम लगाया गया है। यह सिस्टम हाथियों की आमद पर तुरंत अलर्ट जारी करता है। इसके अलावा ‘हाथी मित्र दल’ का गठन भी किया गया है।
इसमें वन विभाग के कर्मचारी, ग्रामीण और स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल हैं। ये हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखते हैं और लोगों को समय-समय पर सतर्क करते हैं। कटघोरा वन मंडल इन दिनों जंगली हाथियों का हॉटस्पॉट बन गया है।
मुनादी कर लोगों को अलर्ट कर रहे
डीएफओ झा ने यह भी बताया कि हाथी इस क्षेत्र में काफी लंबे समय से विचरण कर रहे हैं। मानव-हाथी संघर्ष को रोकने के लिए विशेष नजर रखी जा रही है। ग्रामीण और वन विभाग की मदद से हाथियों को जंगल की ओर भेजा गया है। आसपास के गांवों में मुनादी भी कराई जा रही है।



