हाईकोर्ट के आदेश में जालसाजी, श्रीकांत पर 2.75 लाख ठगी का आरोप, जमानत दिलाने के नाम पर रकम लेने का भी आरोप

Must Read

चीफ जस्टिस के न्यायालय से जारी दूसरे केस का आदेश बदलकर अपने नाम से पेश करने की शिकायत

👉🏻चीफ जस्टिस के न्यायालय से जारी दूसरे केस का आदेश बदलकर अपने नाम से पेश करने की शिकायत
👉🏻जमानत दिलाने के नाम पर रकम लेने का भी आरोप
कोरबा-बिलासपुर(आधार स्तंभ) :  हाईकोर्ट के आदेश की प्रति में कथित हेराफेरी कर उसे जमानत के दस्तावेज के तौर पर इस्तेमाल करने और जमानत दिलाने के नाम पर 2 लाख 75 हजार रुपये लेने का मामला सामने आया है। कोरबा निवासी विक्रम बग्गा ने कथित अधिवक्ता श्रीकांत सिंह राजपूत के खिलाफ कोरबा पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि श्रीकांत ने हाईकोर्ट के दूसरे प्रकरण के आदेश में कथित तौर पर बदलाव कर उसे विक्रम के साले हरविंदर सिंह के जमानत प्रकरण के रूप में पेश किया। हाल ही में श्रीकांत सिंह राजपूत पर नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय के फर्ज हस्ताक्षर व नगर निगम की फर्जी सील से एक युवक को संविदा नियुक्ति फर्जी ढंग से प्रदान करने का मामला भी सामने आया है। इस मामले की शिकायत पर कोरबा पुलिस जांच कर रही है कि इस बीच श्रीकांत का दूसरा फर्जीवाड़ा उजागर हुआ है। यह अपने आप में गंभीर विषय हो जाता है जब हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस द्वारा जारी किए गए आदेश को पूरा का पूरा बदलकर इसमें जालसाजी की गई है।

 

👉🏻जमानत के नाम पर लिए 2.75 लाख

शिकायत के मुताबिक करीब छह माह पहले विक्रम बग्गा की मुलाकात श्रीकांत सिंह राजपूत से हुई थी। विक्रम का साला हरविंदर सिंह धारा 302 के मामले में जेल में निरुद्ध है। इसी दौरान श्रीकांत ने जमानत कराने की बात कही और इसके लिए अलग-अलग समय पर कुल 2 लाख 75 हजार रुपये लिए गए। करीब 1 लाख 35 हजार रुपये फोन-पे के जरिए तथा शेष रकम दोस्त के फोन-पे और नकद के माध्यम से दी गई।

👉🏻जमानत की जगह थमा दिया कथित बदला हुआ आदेश

शिकायत में कहा गया है कि जमानत की प्रगति पूछने पर श्रीकांत ने हाईकोर्ट के आदेश की एक प्रति व्हाट्सऐप के जरिए उसे दी। इसमें हरविंदर सिंह को आवेदक और श्रीकांत सिंह को अधिवक्ता बताया गया था।
विक्रम के मुताबिक सन्देह होने पर उसने जब आदेश की जानकारी हाईकोर्ट के ऑनलाइन पोर्टल से मिलाई गई तो प्रकरण अलग मिला। शिकायत में दावा किया गया है कि MCRC No. 3569/2026 का मूल आदेश 15 जून 2026 का है और यह सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरसीवां थाना क्षेत्र से जुड़े हनुमंतराव टंडन के मामले का है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि मूल आदेश में कथित तौर पर बदलाव कर आवेदक और मामले की जानकारी बदली गई तथा अधिवक्ता के स्थान पर श्रीकांत सिंह का नाम अंकित कर दिया गया।
👉🏻हाईकोर्ट के आदेश से छेड़छाड़ का आरोप

विक्रम बग्गा ने 6 नवंबर 2026 को कोरबा एसपी कार्यालय में शिकायत देकर कथित धोखाधड़ी और न्यायालय के आदेश में कूटचरित करने के मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के साथ संबंधित दस्तावेज भी प्रस्तुत किए गए हैं।

बिलासपुर पुलिस करेगी जांच

कोरबा पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से शिकायत को आगे की जांच एवं कार्रवाई के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर को भेजा गया है। शिकायत में घटनाक्रम से संबंधित स्थान बिलासपुर बताया गया है। अब शिकायत में लगाए गए आरोपों, हाईकोर्ट के मूल आदेश और कथित रूप से तैयार की गई प्रति की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता स्पष्ट होगी।

Latest News

मॉल में खतरे में जान,कभी भी हादसे का खतरा सम्भावित

कोरबा(आधार स्तंभ) :  कोरबा शहर के टीपी नगर स्थित पाम मॉल के गेम जोन में बच्चों की सुरक्षा के...

More Articles Like This

- Advertisement -