कोरबा-हरदीबाजार(आधार स्तम्भ) : कोरबा जिले के हरदीबाजार थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम रलिया (अंधियारीपारा) में एक निवासरत एक बेसहारा महिला बबीता कुमारी आदिले ने अपने पड़ोसी अमित कुमार और उसके पिता कीर्तन लाल पर घर की दीवार जबरन तोड़ने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है ।

पीड़िता बबीता कुमारी के अनुसार आरोपी अमित कुमार उनके घर से जुड़ी साझा दीवार को अवैध रूप से तोड़ रहा है जब पीड़िता ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने न केवल दीवार तोड़ना जारी रखा बल्कि पीड़िता को सरेराह बेइज्जत करने और अपने गैंग के साथ मिलकर परिवार को जान से मारने की धमकी दी ।
1. प्रशासनिक अनदेखी:- पीड़िता का कहना है कि पूर्व में भी इस मामले की शिकायत की गई थी लेकिन आरोपियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे पुलिस का डर दिखाए जाने पर चुनौती दे रहे हैं ।
2. धमकी और असुरक्षा:– आरोपी ने पीड़िता को यह कहकर धमकाया कि तुम लड़की हो रास्ते में चलते हुए तुम्हारे और तुम्हारे परिवार के साथ कभी भी कुछ भी अनहोनी करवा सकता हूँ ।
3. संपत्ति को नुकसान:- दीवार टूटने के कारण पीड़िता का घर असुरक्षित हो गया है और ब्लास्टिंग या सामान्य स्थिति में भी कभी भी गिर सकता है जिससे जान-माल के भारी नुकसान का खतरा बना हुआ है ।
4. मुआवजे का विवाद:- बताया जा रहा है कि एस.ई.सी.एल. गेवरा क्षेत्र से आरोपियों को मुआवजे का भुगतान हो चुका है इसके बावजूद वे पीड़िता के घर को नुकसान पहुँचा रहे हैं ।

पीड़िता ने पुलिस प्रशासन और उच्च अधिकारियों से गुहार लगाई है कि मामले में तत्काल प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज की जाए और आरोपियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए ताकि उन्हें और उनके परिवार को सुरक्षा मिल सके ।
मेरा घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है मुझे और मेरे परिवार को जान का खतरा है अगर हमें कुछ भी होता है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी अमित कुमार और कीर्तन लाल की होगी ।



