करतला (आधार स्तंभ) : ग्राम पंचायत लबेद के रोजगार सहायक पर लगा भ्रष्टाचार का आरोप। उपसरपंच, पंच सहित ग्रामीणों ने किया कलेक्टर को शिकायत। जांच कर कड़ी कार्यवाही की मांग।
मामला करतला विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत लबेद का है जहाँ पदस्थ रोजगार सहायक राजू पटेल द्वारा मनरेगा के कार्य को जेसीबी व अन्य उपकरण से कराए जाने की शिकायत कोरबा कलेक्टर से की गई है। शिकायत में बताया गया है कि ग्राम पंचायत लबेद में मनरेगा के तहत स्वीकृत कार्य समुदाय के लिए इंटर लॉकिंग लाईल्स रोड एवं तटबंध निर्माण के लिए लगभग 30 लाख रुपये की स्वीकृति की गई है, जिसमें लगभग 6 लाख 50 हजार रुपये मजदूरी भुगतान होना है, जिसमें कई क़िस्त जारी हो चुकी है। उक्त कार्य को ग्राम के मजदूरों से कराया जाना था किंतु रोजगार सहायक राजू पटेल द्वारा जेसीबी से कराया जा रहा है। इसके पूर्व भी राजू पटेल द्वारा कई भ्रष्टाचार किये जा चुके हैं और चयनित मजदूरों के माध्यम से फर्जी मजदूरी आहरण किया जा चुका है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि रोजगार सहायक राजू पटेल द्वारा स्वयं के लिए करोड़ों का गृह निर्माण कराया गया है जो कि भ्रष्टाचार और अवैध संपत्ति की कमाई से बना है। शिकायतकर्ताओं ने जांच कर कड़ी कार्यवाही करते हुए उक्त रोजगार सहायक की सेवा समाप्ति की मांग की है।



