कोरबा,28 फरवरी (वेदांत समाचार)। मानिकपुर रेलवे कॉलोनी मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना पेट्रोल पंप के समीप हुई। हादसे के बाद भारी वाहन चालक वाहन सहित फरार हो गया।
मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।
उन्होंने बताया कि नो-एंट्री खुलने के बाद इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है और कई वाहन तेज रफ्तार में गुजरते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उल्लेखनीय है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों को प्रवेश देने के निर्णय का ट्रक एसोसिएशन ने पूर्व में विरोध किया था और संभावित हादसों को लेकर प्रशासन को चेतावनी भी दी थी। फिलहाल पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।



