तमनार : हमीरपुर बॉर्डर पर गिरा स्वागत गेट बना उपेक्षा का प्रतीक, स्थानीयों ने जताई नाराज़गी

Must Read

कुलदीप चौहान रायगढ़

तमनार(आधार स्तंभ) : रायगढ़ को ओडिशा से जोड़ने वाले मुख्य प्रवेश द्वार हमीरपुर बॉर्डर पर कुछ महीने पहले बनाए गए स्वागत गेट के तूफान में गिरने के बाद से अब तक उसकी मरम्मत या पुनर्निर्माण नहीं हो सका है। यह गेट गिरने के बाद कई घंटे तक मुख्य मार्ग अवरुद्ध रहा था, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ था।

ग्राम पंचायत हमीरपुर के सचिव आशीष बारीक ने तत्परता दिखाते हुए उस समय रास्ते को दुरुस्त करने की जिम्मेदारी उठाई और आमजनों के लिए मार्ग सुगम कराया। हालांकि, PWD (लोक निर्माण विभाग) के अधिकारियों द्वारा सचिव को आश्वस्त किया गया था कि स्वागत गेट को जल्द ही पूर्ववत रूप में पुनः स्थापित किया जाएगा। लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी वहां न कोई कार्य शुरू हुआ, न ही अधिकारी पहुंचे।

सबसे दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि गिरा हुआ गेट आज भी उपेक्षित पड़ा है और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी तथा उपमुख्यमंत्री अरुण साव जी की तस्वीरें उस गिरे हुए ढांचे के साथ मिट्टी में पड़ी हुई हैं, जो शासन और छत्तीसगढ़ की छवि को ठेस पहुँचाता है।

स्थानीय समाजसेवी नरेश राठिया, जो भाजयुमो से जुड़े हुए हैं, ने इस लापरवाही पर कड़ी निंदा करते हुए कहा कि –

> “हमीरपुर बॉर्डर से छत्तीसगढ़ में प्रवेश करते समय यह गेट हमारे राज्य की गरिमा का प्रतीक होता है। यह केवल एक गेट नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के ‘स्वागत दर्शन’ का प्रतीक है। PWD की निष्क्रियता और उदासीनता निंदनीय है। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री की तस्वीरें जमीन पर गिरी पड़ी हैं, यह अपमानजनक है।”

राठिया ने मांग की कि संबंधित विभाग तुरंत संज्ञान लें और स्वागत गेट का पुनर्निर्माण कर, छत्तीसगढ़ की गरिमा की रक्षा करें। साथ ही, हमीरपुर बॉर्डर के पास मुख्य सड़क पर बने गहरे गड्ढों की भी मरम्मत की मांग की गई है, जो आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं।

अब देखने वाली बात होगी कि प्रशासन और PWD इस मामले पर क्या त्वरित कदम उठाते हैं या फिर यह मुद्दा भी सरकारी अनदेखी का शिकार होकर रह जाएगा।

Latest News

सलिहाभांठा में श्मशान घाट बना गौठान! गायों का डेरा, कचरे का ढेर, पंचायत बेखबर, जनप्रतिनिधि दूसरे ग्राम की सफाई में व्यस्त

अंतिम संस्कार के लिए ग्रामीण परेशान, श्मशान घाट की बदहाली ने पंचायत की व्यवस्था पर खड़े किए सवाल, स्वच्छता...

More Articles Like This

- Advertisement -