रायपुर/कोरबा(आधार स्तंभ) : संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह के अंतर्गत न्यू सर्किट हाउस, रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री द्वय अरुण साव एवं विजय शर्मा के द्वारा कोरबा जिले के अधिकारियों को सम्मानित किया गया। शनिवार को राजधानी में आयोजित कार्यक्रम में कोरबा जिले से जिला शिक्षा अधिकारी तामेश्वर उपाध्याय, सूर्य नारायण केसरी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, श्रीमती रेणु प्रकाश जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास कोरबा, डॉ.दीपक राज कोरबा खंड चिकित्सा अधिकारी को मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री द्वय के द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित व प्रोत्साहित किया गया। इस सम्मान के लिए इन्हें बधाईयां मिल रही हैं।
आकांक्षी जिला कोरबा की रजत पदक, जिला CEO ने लिया
बता दें कि न्यू सर्किट हाउस, सिविल लाइंस रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह के अवसर पर आकांक्षी जिला कोरबा को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रजत पदक से सम्मानित किया गया। यह सम्मान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा जिला पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग को प्रदान किया गया। यह सम्मान नीति आयोग, भारत सरकार, नई दिल्ली के दिशा-निर्देशों के तहत संचालित आकांक्षी जिला कार्यक्रम के अंतर्गत उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए प्रदान किया गया। जुलाई से सितंबर 2024 तक चले संपूर्णता अभियान में कोरबा जिले ने 6 में से 5 प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों में शत-प्रतिशत पूर्णता प्राप्त की। यह उपलब्धि जिला प्रशासन के मजबूत नेतृत्व, ब्लॉक अधिकारियों, स्वसहायता समूहों, फील्ड स्टाफ और संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत भी कोरबा जिले के कोरबा ब्लॉक ने 6 में से 5 संकेतकों में पूर्णता प्राप्त कर रजत पदक, और पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक ने 6 में से 4 संकेतकों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कांस्य पदक हासिल किया। इस सफलता व उत्कृष्टता का श्रेय कलेक्टर अजीत वसंत के कुशल मार्गदर्शन को दिया गया है।