कोरबा-बांकीमोंगरा(आधार स्तंभ) : जिले केक्षेत्र बांकीमोंगरा थाना अंतर्गत एक निजी अस्पताल में रविवार को इलाज के दौरान एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका गंगा बाई (निवासी- ज़मनीमुड़ा) के परिजनों के अनुसार गंगा बाई की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उसे तत्काल इलाज के लिए बांकीमोंगरा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान महिला की हालत और बिगड़ गई और कुछ ही देर बाद उसने दम तोड़ दिया।
अस्पताल के संचालक डॉ. डी.सी. पंत का कहना है कि महिला पहले से ही गंभीर बीमार थी और बेहद नाजुक हालत में अस्पताल लाई गई थी। डॉक्टर का दावा है कि अस्पताल की ओर से हर संभव प्रयास किए गए, लेकिन मरीज की जान नहीं बचाई जा सकी। उसका इलाज पहले कहीं और कराया जा रहा था, जब मेरे पास लाया गया,तब स्थिति बेहद गम्भीर थी,फिर भी हमने पूरा प्रयास किया। परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते बेहतर इलाज किया जाता तो गंगा बाई की जान बच सकती थी।



