रायगढ़ पुलिस का बड़ा धमाका: मानव तस्करी और देह व्यापार के अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश

Must Read

नाबालिग को झांसा देकर डेढ़ लाख में बेचा; छत्तीसगढ़ से मध्यप्रदेश तक फैले नेटवर्क के 5 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़(आधार स्तम्भ) :  रायगढ़ पुलिस ने मानव तस्करी (Human Trafficking) के एक सनसनीखेज मामले को सुलझाते हुए एक ऐसे गिरोह को ध्वस्त किया है, जो काम दिलाने के बहाने लड़कियों को देह व्यापार के दलदल में धकेल रहा था। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कोतरारोड़ पुलिस ने 17 वर्षीय पीड़िता को रेस्क्यू कर गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिसमें एक खरीददार और दो महिलाएं भी शामिल हैं।

काम का लालच और जबरन सौदेबाजी

पुलिस के अनुसार, यह मामला तब शुरू हुआ जब 26 नवंबर 2025 को पीड़िता अपने पिता की डांट से परेशान होकर गांव के खेल मैदान में बैठी थी। तभी ‘चमेली’ (परिवर्तित नाम) नामक एक लड़की ने उसे रायगढ़ में काम दिलाने का झांसा दिया। रायगढ़ लाकर उसे बिन्दिया रात्रे, अभय यादव, चीकू खान और पूजा उर्फ बॉबी के हवाले कर दिया गया।

गिरोह ने मासूम को काम दिलाने के बहाने सागर (म.प्र.) ले जाकर सुनील दीक्षित नामक व्यक्ति को 1.5 लाख रुपये में बेच दिया और मंदिर में जबरन उसकी शादी करा दी। वहां से किसी तरह भागकर जब पीड़िता वापस रायगढ़ आई, तो आरोपी बिन्दिया ने उसे डरा-धमकाकर अपने पास रखा और उससे जबरन देह व्यापार कराने लगी।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी

पीड़िता की शिकायत पर अपराध क्रमांक 116/2026 के तहत बीएनएस (BNS) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया। प्रशिक्षु डीएसपी अजय नागवंशी के नेतृत्व में टीम ने तत्काल छापेमारी की।

गिरफ्तार आरोपी:

पूजा उर्फ बॉबी (45 वर्ष), बिंदिया रात्रे (23 वर्ष), मोहम्मद दानिश उर्फ चीकू (20 वर्ष), और खरीददार सुनील दीक्षित (37 वर्ष, छतरपुर, म.प्र.)।

अन्य: एक विधि से संघर्षरत बालिका (नाबालिग दलाल) को भी हिरासत में लिया गया है।

फरार: गिरोह का एक मुख्य सदस्य अभय यादव फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने इस कार्रवाई पर कहा:

जिले में पीटा एक्ट और मानव तस्करी के खिलाफ हमारी मुहिम जारी है। मासूमों की जिंदगी से खेलने वाले किसी भी गिरोह को बख्शा नहीं जाएगा। हम सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहे हैं।”

पुलिस टीम की भूमिका

इस सफल रेस्क्यू और गिरफ्तारी में एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, थाना प्रभारी कोतरारोड़ अजय नागवंशी, महिला थाना प्रभारी कुसुम कैवर्त और एएसआई मनमोहन बैरागी सहित पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आरोपियों के पास से सौदेबाजी के बचे हुए नकद और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

Latest News

पतरापाली रोड पर भयावह सड़क हादसा, बाइक सवार की मौत

कोरबा(आधार स्तंभ)  :  बरसात के मौसम में वाहनों का उपयोग करने के दौरान सावधानी जरूरी है। जरा सी लापरवाही...

More Articles Like This

- Advertisement -