कोरबा में चला निगम का बुलडोजर, महाराणा प्रताप चौक से हटाए गए ठेले-गुमटियां, बनेगा ग्रीन कॉरिडोर…

Must Read
कोरबा(आधार स्तम्भ) :  कोरबा नगर निगम ने शहर के महाराणा प्रताप चौक और बुधवारी बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे लगे ठेले, गुमटियां और अस्थायी दुकानों को हटाया। निगम की टीम बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंची और लंबे समय से किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल भी देखने को मिला।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार महाराणा प्रताप चौक से जुड़े इलाके में ग्रीन कॉरिडोर विकसित करने की योजना बनाई गई है। इस परियोजना के तहत सड़क किनारे हरियाली बढ़ाने, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और शहर की सुंदरता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसी योजना को ध्यान में रखते हुए आज शनिवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।

निगम प्रशासन ने बताया कि ठेला संचालकों और दुकानदारों को पहले ही नोटिस जारी कर जगह खाली करने के निर्देश दिए गए थे। तय समय सीमा के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर निगम को सख्त कदम उठाना पड़ा।

नगर निगम का कहना है कि पूर्व में चिन्हित अतिक्रमणकारियों और फुटकर व्यापारियों के लिए व्यवस्थित दुकानों का निर्माण कर आवंटन भी किया जा चुका है, ताकि वे निर्धारित स्थान पर अपना व्यवसाय चला सकें। इसके बावजूद कई लोगों द्वारा दोबारा सड़क किनारे कब्जा कर व्यवसाय किया जा रहा था।

कार्रवाई के दौरान कई ठेला संचालकों ने अपनी रोजी-रोटी प्रभावित होने की बात कही। वहीं निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्ग और प्रस्तावित विकास कार्यों में बाधा बनने वाले अतिक्रमण को हटाना जरूरी है।

नगर निगम ने साफ किया है कि कोरबा शहर में यातायात सुधार, सौंदर्यीकरण और ग्रीन कॉरिडोर जैसी योजनाओं को लेकर आगे भी अभियान जारी रहेगा। मुख्य मार्गों और चौक-चौराहों के आसपास अवैध कब्जों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी।

Latest News

शराब पीने की झूठी FIR दर्ज की थाना में,दुकानदार को ही शराबी बना दिया…

कोरबा(आधार स्तंभ)  :  प्राय: कई थानों में थानेदार की नाक के नीचे उनके सीधेपन और भरोसे का फायदा उठाकर,...

More Articles Like This

- Advertisement -