कोरबा(आधार स्तंभ) : खाद्य सुरक्षा विभाग की अपील है कि किसी भी तरह की अमानक खाद्य सामग्री पाए जाने की सूचना तत्काल दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। लेकिन उस घटनाक्रम का क्या कहें जब इस संबंध में सूचना भी विभाग के एक इंस्पेक्टर को दी गई और खबर का भी प्रकाशन किया गया लेकिन इसके बाद भी अमला तत्काल हरकत में नहीं आया।घटनाक्रम के तीन दिन बीतने के बाद जब मंगलवार को टीम ने एक्सपायरी सामान बेचने वाले दुकान में दबिश दी तो भला क्या तब तक दुकानदार उन सामानों को यहां रखेगा? उसने तो एक्सपायरी सामान समेट कर ठिकाने लगा दिया। मौके पर पहुंची टीम ने खोवा जलेबी और रबड़ी का सैंपल जरूर जप्त किया है, लेकिन यह कार्रवाई महज खानापूर्ति ही कही जाएगी।
मामला पावर हाऊस मार्ग में शिव मंदिर के निकट स्थित हरियाणा जलेबी का है। एक ग्राहक का आरोप है कि यहां एक्सपायरी डेट की कोल्ड ड्रिंक, दूध, ब्रेड सहित अन्य खाद्य सामाग्री उसे मिली है। शुक्रवार शाम के समय दुकान से कोल्ड ड्रिंक लेकर एक व्यक्ति घर गया और उसे पी लिया। कुछ ही समय बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे उल्टियां होने लगीं। परिजनों ने आशंका जताई कि कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद ही उसकी तबीयत खराब हुई। आरोप है कि जब दुकान संचालक से खाद्य लाइसेंस और सामान की वैधता को लेकर सवाल किया गया तो संतोषजनक जवाब नहीं मिला। हालांकि उन्हें यह जवाब जरूर मिला कि जो करना है कर लो, हमारा कुछ नहीं होगा।
👉🏻 दफ्तर बन्द,शिकायत कहां करते, खबर पर संज्ञान नहीं
शनिवार को इस मामले की लिखित शिकायत करने पीड़ित ग्राहक भटकता रहा लेकिन साप्ताहिक अवकाश होने के कारण दफ्तर में ताले लगे मिले। उसने अपने परिचित एक जनप्रतिनिधि के माध्यम से यह खबर साझा की और इसे सत्यसंवाद द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित करने के साथ ही इस पूरे घटनाक्रम से खाद्य सुरक्षा विभाग के एक इंस्पेक्टर को व्यक्तिगत तौर पर अवगत कराया गया। घटनाक्रम का वीडियो, एक्सपायरी सामानों की फोटो आदि उन्हें भेजी गई लेकिन किसी भी तरह का संज्ञान उस दिन नहीं लिया गया। इसके बाद रविवार का अवकाश, फिर सोमवार को कार्य की व्यस्तता के कारण संभवत: टीम ने इस दुकान में दबिश नहीं दी।
👉🏻 की गईं शिकायत

कबीर चौक कांशी नगर निवासी सूरज महिलांगे ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी को शिकायत देकर 56 भोग स्वीट्स हरियाणा स्पेशल जलेबी दुकान की जांच कराने की मांग की है। शिकायतकर्ता ने दुकान से खरीदी गई रबड़ी-जलेबी खाने के बाद पत्नी और स्वयं की तबीयत बिगड़ने का आरोप लगाया है। शिकायत में बताया गया है कि वह करीब एक माह से उक्त दुकान से डेयरी का सामान खरीद रहा था। एक सप्ताह पहले उसकी पत्नी दुकान से रबड़ी-जलेबी लेकर आई थी। इसे खाने के बाद पत्नी को उल्टी और सिरदर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद डॉक्टर से इलाज कराया गया और उपचार जारी है। 13 नवंबर 2026 को उसने फिर उसी दुकान से रबड़ी-जलेबी खरीदी और घर में खाने के दौरान उसे भी उल्टी होने लगी। इसके बाद उसने मामले की जानकारी अपने परिचितों को दी। 14 नवंबर को इसी दुकान से खाने का सामान लिया जो एक्सपायर था। बिल मांगने पर दुकानदार भड़क गया। बिल मांगने पर गाली-गलौच कर जो उखाड़ना है उखाड़ लो,जहाँ शिकायत करना है कर लो कहते हुए विवाद करने लगा।शिकायतकर्ता ने 14 नवम्बर को ही शिकायत लिखा लेकिन दफ्तर बन्द था। उसने उक्त शिकायत 16 नवम्बर को खाद्य सुरक्षा अधिकारी से मांग की है कि दुकान में रखी खाद्य सामग्री, साफ-सफाई और फूड लाइसेंस की जांच की जाए तथा यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो आवश्यक कार्रवाई की जाए। शिकायत की प्रति कलेक्टर कोरबा को भी दी गई।
👉🏻 मंगलवार को पहुंची टीम
मंगलवार को सुबह निरीक्षण के लिए टीम हरियाणा जलेबी 56 भोफपहुंची तो यहां से खोवा जलेबी और रबड़ी का सैंपल लिया गया। अब ऐसे में जिन एक्सपायरी सामानों के संबंध में भी दुकान पर कार्रवाई होनी चाहिए उसकी उम्मीद कम ही नजर आ रही है। सवाल जायज है कि जब विभागीय अधिकारी किसी भी मामले में तत्काल सूचना देने की बात करते हैं और जब किसी माध्यम से उन तक बात पहुंचाई जाती है तो उस पर समय रहते संज्ञान भी नहीं लेते। दूसरा यह विषय भी महत्वपूर्ण है कि विभाग द्वारा की जाने वाली कार्रवाई जिला जनसंपर्क विभाग के माध्यम से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सार्वजनिक नहीं की जाती जिस कारण आम लोगों में विभाग की कार्रवाई को लेकर जो संदेश व्यापक तौर पर पहुंचना चाहिए वह पहुंच नहीं पाता। शिकायत के लिए कोई विभागीय नम्बर का।प्रचार-प्रसार भी नहीं किया जाता ताकि आम जन उसी समय अपनी शिकायत कर सके।




