बालोद,(आधार स्तंभ) : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में भालू के हमले की घटना सामने आई है। दल्लीराजहरा वन परिक्षेत्र के ग्राम सिंघोला में एक भालू ने डिप्टी रेंजर पर अचानक हमला कर दिया। हमले के दौरान मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए डिप्टी रेंजर को भालू के चंगुल से सुरक्षित बचा लिया। घटना के बाद से गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सिंघोला में पिछले कुछ दिनों से एक भालू लगातार घूम रहा है। इसकी सूचना मिलने पर डिप्टी रेंजर नीलकंठ साहू मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े और किसी तरह डिप्टी रेंजर को भालू के हमले से बचाया।
घरों में घुसकर नुकसान पहुंचा रहा भालू
बताया जा रहा है कि भालू पिछले कई दिनों से गांव और आसपास के क्षेत्रों में लगातार विचरण कर रहा है। इस दौरान उसके घरों में घुसकर नुकसान पहुंचाने की भी जानकारी सामने आई है। भालू की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। लोग घरों से बाहर निकलने में भी सावधानी बरत रहे हैं।
घटना के बाद वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई है। भालू को सुरक्षित पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने, अकेले जंगल या आसपास के क्षेत्रों में नहीं जाने और भालू के करीब पहुंचकर उसे भगाने या पकड़ने की कोशिश नहीं करने की अपील की है।
बालोद के ग्राम सिंघोला में भालू की लगातार मौजूदगी अब ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय बन गई है। ऐसे में वन विभाग के सामने भालू को सुरक्षित रेस्क्यू कर ग्रामीणों को राहत दिलाने की चुनौती है।




