बिलासपुर,(आधार स्तंभ) : बिलासपुर में बाइक सवार तीन बदमाशों ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया। वहीं, स्कूली छात्रों के बीच विवाद के दौरान एक छात्र को चाकू मार दिया गया। मामला कोनी और सरकंडा थाना क्षेत्र का है।कोनी क्षेत्र के सेंदरी निवासी अंकित बघेल नेशनल हाईवे स्थित बस स्टॉप के पास मजदूरों के आने का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे। बातचीत के दौरान अचानक आरोपियों ने अंकित पर चाकू से हमला कर दिया।आरोपियों ने उसके सीने पर चाकू से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
इस दौरान अंकित पर हमला होते देख वहां से गुजर रहे ड्राइवर दिले केंवट ने बीच-बचाव करने की कोशिश की।हमलावरों ने उन्हें भी नहीं छोड़ा और उनके साथ मारपीट करते हुए चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद तीनों आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए। दो युवकों पर चाकू से हमले की सूचना मिलते ही कोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची।पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दिले केंवट की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, अंकित बघेल को भी बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।वहीं, सरकंडा थाना क्षेत्र के चिंगराजपारा स्थित आत्मानंद स्कूल के बाहर एक स्कूली छात्र पर नाबालिग छात्र ने हमला कर दिया।
घटना में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।बताया जा रहा है कि स्कूल की छुट्टी के दौरान आत्मानंद स्कूल के गेट के बाहर किसी बात को लेकर दो छात्रों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक नाबालिग छात्र ने दूसरे छात्र पर हमला कर दिया।हमले में छात्र के कंधे और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। तोरवा में दो दिन पहले शराब दुकान के पास पूर्व जनपद सदस्य महिला के ऑटो चालक पति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी।
हमलावर युवक अपने दोस्त के साथ बाइक पर सवार होकर निकला। जिसके बाद उसने बूटापारा में एक बुजुर्ग को चाकू मार दिया।पुलिस हत्यारे की तलाश करती रही। वहीं, हमलावर बदमाशों ने दूसरी वारदात को अंजाम दे दिया। इस हमले में घायल को बुजुर्ग को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गुरुवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।




