रायपुर(आधार स्तंभ) : राजधानी रायपुर में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक बीएड छात्रा की संदिग्ध मौत ने सनसनी फैला दी है। पुलिस जांच में सामने आया है कि छात्रा ने घटना से एक दिन पहले अपनी बहन को फोन कर अपने साथ मारपीट होने की जानकारी दी थी। अगले ही दिन उसकी मौत की खबर परिवार तक पहुंची। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने छात्रा के लिव-इन पार्टनर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
जांच में पता चला है कि दोनों एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे। बाद में उन्होंने साथ रहने का फैसला किया था। हालांकि, रिश्ते के दौरान दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस को मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवक छात्रा पर शक करता था, जिसके चलते दोनों के बीच कई बार कहासुनी और झगड़े की स्थिति बनी। मामले का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि घटना से एक दिन पहले छात्रा ने अपनी बहन को फोन कर बताया था कि सावंत ने उसके साथ मारपीट की है। परिजनों का कहना है कि उन्हें अंदाजा नहीं था कि मामला इतनी गंभीर स्थिति तक पहुंच जाएगा। अब पुलिस इस फोन कॉल और उससे जुड़ी जानकारी को जांच का अहम आधार मान रही है।
पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन आरोपी ने पहले छात्रा के साथ मारपीट की और फिर कथित रूप से उसका गला दबा दिया। इसके बाद वह गंभीर हालत में छात्रा को डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। छात्रा की मौत की पुष्टि होते ही आरोपी अस्पताल से फरार हो गया।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात से पहले दोनों के बीच क्या विवाद हुआ था और हत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या था। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है




