कोरबा (आधार स्तम्भ) : शहर में अपराध की एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां एक नर्स पर अज्ञात युवकों द्वारा चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया गया। घटना सीएसईबी चौक से पंप हाउस जाने वाले मार्ग पर देर शाम हुई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने हमलावरों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन दोनों युवक मौके से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी पहले से घात लगाए हुए प्रतीत हो रहे थे और हमला कर तुरंत भाग निकले।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल युवती को उठाकर कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों के मुताबिक, युवती की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे विशेष निगरानी में रखा गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में हमले के पीछे आपसी रंजिश या अन्य कारणों की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी ठोस कारण की पुष्टि नहीं की है।




