रायगढ़ (आधार स्तम्भ) : जिले में ट्रेलर सहित 41 टन लोहे का एंगल चोरी कर फरार हुए हेल्पर को रायगढ़ और सक्ती पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान ट्रेलर समेत करीब 60 लाख रुपये की संपत्ति बरामद कर ली है। मामले में विधि के साथ संघर्षरत एक अपचारी बालक को किशोर न्याय बोर्ड में पेश कर संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 7 मार्च 2026 को थाना कोतरारोड़ में ट्रेलर चालक धरमराज जाट (29 वर्ष), निवासी ताजपुरा जाट मोहल्ला, तहसील सरवार, थाना सरवार, जिला अजमेर (राजस्थान) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह ट्रेलर क्रमांक RJ 48 GA 3147 चलाता है और पिछले 8-9 दिनों से उसके साथ एक 17 वर्षीय परिचित किशोर हेल्पर के रूप में काम कर रहा था। 5 मार्च को वह हेल्पर के साथ जेएसपीएल रायगढ़ गया था, जहां ट्रेलर में लगभग 41 टन लोहे का एंगल लोड कराया गया था, जिसकी कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई।

7 मार्च की शाम ट्रेलर को जिंदल गेट के बाहर मुख्य मार्ग किनारे खड़ा किया गया था। उस समय हेल्पर ट्रेलर के अंदर बैठा हुआ था और वाहन में चाबी लगी हुई थी। इसी दौरान चालक दस्तावेजों की जांच कराने के लिए कार्यालय के अंदर चला गया। लगभग एक घंटे बाद जब वह वापस लौटा तो देखा कि ट्रेलर वहां से गायब था। हेल्पर को फोन करने पर उसका मोबाइल बंद मिला और आसपास तलाश करने पर भी उसका कोई पता नहीं चला। चालक ने आशंका जताई कि ट्रेलर सहित उसमें लोड लोहे का एंगल चोरी कर लिया गया है। चोरी गए ट्रेलर की कीमत लगभग 40 लाख रुपये और उसमें लोड एंगल की कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई गई, इस प्रकार कुल 60 लाख रुपये की संपत्ति चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई।
रिपोर्ट पर थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 69/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने तत्काल जिले में नाकेबंदी के निर्देश दिए और सीमावर्ती जिलों को भी चोरी हुए ट्रेलर की जानकारी भेजी गई।
जिले और आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग के दौरान जिला सक्ती के टोल प्लाजा पर सक्ती यातायात पुलिस की टीम ने संदिग्ध ट्रेलर को रोककर जांच की। जांच में ट्रेलर वही निकला जिसकी तलाश की जा रही थी। इसकी सूचना तुरंत थाना कोतरारोड़ पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कमला पुसाम ठाकुर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और आरोपी को हिरासत में लेकर ट्रेलर तथा उसमें लोड 41 टन लोहे का एंगल जब्त कर लिया। इस कार्रवाई में करीब 60 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई।
पूछताछ में विधि के साथ संघर्षरत बालक ने ट्रेलर चोरी की घटना को स्वीकार कर लिया। पुलिस ने किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस पूरे मामले में रायगढ़ और सक्ती पुलिस की तत्परता से वाहन चोरी की बड़ी घटना का त्वरित खुलासा हो गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर सहित थाना कोतरारोड़ और जिला सक्ती के यातायात स्टाफ की अहम भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर पुलिस की कड़ी नजर है। उन्होंने कहा कि रायगढ़ और सक्ती पुलिस की संयुक्त कार्रवाई यह दर्शाती है कि कोई भी अपराधी अपराध कर कानून से बच नहीं सकता। चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



