रायपुर(आधार स्तम्भ) : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के रामकृष्ण अस्पताल में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां अस्पताल के गटर की सफाई के दौरान तीन सफाई कर्मियों की मौत हो गई। इस घटना की पुष्टि अधिकारियों ने की है। बताया जा रहा है कि सफाई के दौरान जहरीली गैस के कारण तीनों कर्मी बेहोश हो गए, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पूरे मामले ने गंभीर रूप ले लिया।
हादसे के बाद मृतकों के परिजन देर रात अस्पताल पहुंचे और जमकर हंगामा किया
के बाद मृतकों के परिजन देर रात अस्पताल पहुंचे और जमकर हंगामा किया। परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मृतक सफाई कर्मियों के शवों को कचरे की तरह ले जाया गया, जिसका वीडियो भी सामने आया है। इस घटना से गुस्साए परिजनों और पुलिस के बीच अस्पताल के एंट्री गेट पर झड़प भी हुई। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि रात करीब 3:00 बजे तक अस्पताल परिसर में विवाद चलता रहा।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला
बताया जा रहा है कि यह विवाद करीब 8 घंटे तक जारी रहा, जिसके बाद पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों और अस्पताल प्रबंधन के बीच बातचीत करवाई, जिसके बाद मामला शांत हुआ। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच का आश्वासन दिया है, जबकि इस घटना ने अस्पताल की व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।



