बिलासपुर (आधार स्तंभ) : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में महिला की अधजली लाश मिली है। रतनपुर के खूंटाघाट डैम में झाड़ियों के बीच मिला शव 1 हफ्ते पुराना है। क्षत-विक्षत हालत में शव के दोनों पैर साड़ी से बंधे हुए थे। पुलिस ने मर्डर के बाद शव को जलाने की आशंका जताई है। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो पाई है।
घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की है। डैम के पास गंध आने पर ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जांच में पुलिस को महिला के केवल 10 प्रतिशत अंग ही मिले। बाकी 90 प्रतिशत शव डिस्पोज हो चुका था। फिलहाल घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
रतनपुर के खूंटाघाट डैम के बोटिंग पाइंट से लगभग 300 मीटर दूर झाड़ियों में बुधवार (15 अक्टूबर) को एक महिला का अधजला शव मिला। लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने देखा कि शव झाड़ी के नीचे पड़ा था और किसी ने महिला के पैरों को साड़ी से बांधकर जलाया था। जलने के कारण पैरों से साड़ी चिपकी हुई मिली है। मौके पर पहुंची पुलिस ने हत्या की आशंका को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। पुलिस इसे हत्या मानकर महिला की पहचान में जुट गई है।
खूंटाघाट डैम पिकनिक स्पॉट है, जहां चारों तरफ जंगल से घिरा हुआ है। डैम के नजदीक छोटे झाड़ी वाले जंगल में आसपास के लोग लकड़ी लेने पगडंडियों के रास्ते जाते हैं।
15 अक्टूबर की सुबह कुछ ग्रामीण जंगल तरफ गए थे, जहां तेज गंध आने पर महिला का अधजला शव देखा। उन्होंने इस घटना की जानकारी आसपास के लोगों के साथ ही पुलिस को दी। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर महिला के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। नजदीकी थानों में पुलिस गुमशुदगी का रिकॉर्ड खंगालना शुरू कर दी है। एक टीम हत्या की आशंका के आधार पर खूंटाघाट आने-जाने वाले लोगों और संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।
जांच में पुलिस को मौके पर कोई ऐसी वस्तु नहीं मिली, जिससे महिला और उसे लेकर जाकर जंगल में फेंकने वालों की पहचान हो सके। घटना स्थल मुख्य सड़क से दूर और घटना लगभग 8 दिन पुरानी होने के कारण टायर के निशान भी नहीं देखे जा सके। जंगल में शव के चारों ओर 100 मीटर तक कोई वस्तु या सुराग नहीं मिला।
जांच में पुलिस को महिला के केवल 10 प्रतिशत अंग ही मिले। बाकी 90 प्रतिशत शव डिस्पोज हो चुका था। शरीर के कुछ हिस्से कुत्तों द्वारा इधर-उधर छोड़ दिए गए थे। पुलिस ने सभी अंगों और कंकाल का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। शव डिस्पोज होने के कारण आसपास के लोग भी महिला की पहचान नहीं कर सके।
माना जा रहा है कि महिला की हत्या कर शव को जंगल में ठिकाने लगाया गया है। जिस तरह से उसके दोनों पैर साड़ी से बंधे थे। इससे आशंका जताई जा रही है कि हत्यारों ने पहले महिला को मौत के घाट उतार दिया होगा, जिसके बाद महिला की पहचान और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को जलाया गया होगा। ऐसे में अब महिला की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती है।