पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर के बेटे पर शराब के नशे में उत्पात का आरोप, दुकान में टक्कर के बाद बुजुर्ग से मारपीट

Must Read

कोरबा(आधार स्तम्भ) :  छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में एक बार फिर राजनीतिक रसूख और कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। ताजा मामला प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर के बेटे संदीप कंवर से जुड़ा है। आरोप है कि उन्होंने शराब के नशे में कार चलाते हुए सड़क किनारे स्थित एक दुकान को टक्कर मार दी और विरोध करने पर दुकानदार के साथ मारपीट की।

मिली जानकारी के अनुसार घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के पुराना बस स्टैंड के पास की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि संदीप कंवर शराब के नशे में स्विफ्ट डिजायर कार चला रहे थे। इसी दौरान उनकी कार सड़क किनारे लगी सेवई की एक दुकान से जा टकराई। अचानक हुई इस घटना से दुकान को नुकसान पहुंचा और आसपास मौजूद लोग भी घबरा गए।

दुकान संचालक बुजुर्ग अजीम कुरैशी ने जब उन्हें समझाने की कोशिश की, तो मामला शांत होने के बजाय और बिगड़ गया। आरोप है कि नशे में धुत संदीप कंवर ने उनके साथ मारपीट कर दी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और संदीप कंवर को कार सहित कोतवाली थाना ले जाया गया।

बताया जा रहा है कि थाने पहुंचने के बाद भी उनका व्यवहार आक्रामक बना रहा। शराब के नशे में उन्होंने पुलिस अधिकारियों के सामने ही गाली-गलौच शुरू कर दी। इसी दौरान उनके कुछ समर्थक भी थाने पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक समर्थकों ने संदीप कंवर को कार में बैठाया और थाने से लेकर निकल गए, जबकि पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहे।

घटना के बाद शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है कि यदि किसी आम व्यक्ति द्वारा शराब के नशे में इस तरह की घटना की जाती, तो उसके खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाती। इस पूरे मामले ने एक बार फिर राजनीतिक प्रभाव के सामने कानून व्यवस्था की मजबूरी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Latest News

नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, तरबूज से भरी पिकअप को आयरन ओर लदे ट्रक ने मारी टक्कर, चालक की मौत

धमतरी (आधार स्तम्भ) :  रायपुर–धमतरी नेशनल हाईवे पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। संबलपुर ओवरब्रिज के...

More Articles Like This

- Advertisement -