कोरबा-पाली(आधार स्तम्भ) : कोयला परिवहन में लगी एक मालवाहन की तेज रफ्तार और वाहन चलाते समय नींद की झपकी आने से हुए हादसे में एक बाइक पर सवार तीन लोगों की जिंदगी पल भर में ही तमाम हो गई। हादसे के बाद लोगों में आक्रोश व्याप्त है। इस घटना ने माल परिवहन में लगे वाहनों के चालकों की दशा और दुर्दशा तथा कार्य के बोझ पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

हमारे समाचार सहयोगी के मुताबिक घटना को लेकर स्थानीय लोगों में चर्चा है कि उक्त माल वाहन का चालक तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए जा रहा था कि एकाएक गाड़ी की दिशा बाई तरफ स्थित दुकान और घरों की तरफ होने लगी थी। आसपास मौजूद लोगों ने जब शोर मचाया तो चालक जो कि नींद की आगोश में जा रहा था, उसे झपकी आ गई थी, उसने तत्काल वाहन को सड़क पर लाने के लिए स्टेरिंग घुमाया कि इसी दौरान अनियंत्रित होकर माल वाहन पलट गया और पल भर में तीन लोगों की जिंदगी तमाम हो गई। घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है। मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंचे हुए हैं। बीच सड़क पर लोगों की भीड़ जमा है। कोयला का ढेर हटाने के लिए जेसीबी बुलाई गई है। कोयला हटाने के साथ ही माल वाहन को सड़क किनारे करने की कवायद जारी है। समाचार लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। हादसे की वजह से सड़क के दोनों तरफ से आवागमन अवरुध्द है।



