कवर्धा(आधार स्तम्भ) : कवर्धा में डांस टीचर की हत्या के मामले में करीब दो महीने बाद भी आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस ने इनाम की घोषणा की है। पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने आरोपी की जानकारी देने या गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की है। यह घटना 19 जनवरी 2026 को सामने आई थी, जब लालपुर नर्सरी के पास सड़क किनारे एक युवक का खून से लथपथ शव मिला था।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मृतक के गले और पेट पर चाकू से कई गहरे वार के निशान पाए गए थे, जिससे उसकी बेरहमी से हत्या किए जाने की पुष्टि हुई थी। जांच के दौरान मृतक की पहचान 27 वर्षीय सत्यमदास मानिकपुरी, निवासी वार्ड नंबर 26 घोठिया रोड, कवर्धा के रूप में हुई। वह पेशे से डांस टीचर था और घटना से एक दिन पहले शनिवार रात से लापता बताया गया था।
मामले में कोतवाली थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया था, लेकिन दो महीने बीत जाने के बाद भी पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है। अब पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास इस मामले से जुड़ी कोई भी जानकारी हो तो वह पुलिस को सूचना दे। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।



