कोरबा (आधार स्तम्भ) : शहर के पुराना बस स्टैण्ड क्षेत्र में स्थित विदेशी मदिरा दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने की मांग पर कोरबा विधायक व प्रदेश के आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन ने संज्ञान लिया है। इस विषय पर व्यापारियों ने मंत्री श्री देवांगन से मुलाकात कर विभिन्न संगठनों द्वारा भी शराब दुकान हटवाने सम्बन्धी आवेदन पत्र सौंपा। श्री देवांगन ने तत्काल आबकारी अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने हेतु टिप्पणी कर निर्देशित किया है। प्रतिनिधिमंडल ने इसके लिए श्री देवांगन को धन्यवाद देते हुए आग्रह किया है वे इस पर गंभीरता दिखाएं। अब गेंद पूरी तरह से आबकारी अधिकारी के पाले में है। व्यापारियों व संगठन प्रमुखों ने कलेक्टर कुणाल दुदावत के नाम आवेदन सौंपते हुए अपर कलेक्टर भी मिलकर आग्रह किया है कि शराब दुकान हटवाने हेतु आवश्यक कार्रवाई करें।
सभी संगठन प्रमुखों ने कहा है कि पुराना बस स्टैण्ड के समीप स्थित विदेशी मदिरा दुकान अत्यंत संवेदनशील एवं घनी आबादी वाले क्षेत्र में संचालित की जा रही है। उक्त स्थान के समीप मंदिर, विद्यालय एवं विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठान स्थित हैं तथा यह क्षेत्र शहर का प्रमुख आवागमन केंद्र होने के कारण यहां दिन भर आम नागरिकों, महिलाओं, विद्यार्थियों एवं परिवारों का आवागमन बना रहता है। मदिरा दुकान के कारण क्षेत्र में आए दिन असामाजिक तत्वों का जमावड़ा, गाली-गलौज, झगड़े-मारपीट तथा अन्य अनुचित गतिविधियां होती रहती हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों, महिलाओं एवं बालिकाओं को असुरक्षित एवं असहज वातावरण का सामना करना पड़ता है। इससे न केवल क्षेत्र का सामाजिक वातावरण दूषित हो रहा है, बल्कि यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है तथा आसपास के शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसे हटाना जरूरी है ताकि क्षेत्रवासियों को इस समस्या से राहत मिल सके तथा सुरक्षित एवं स्वस्थ सामाजिक वातावरण सुनिश्चित हो सके।



